ग्वालियर , अक्टूबर 29 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में पति की मौत के बाद तीन बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रही महिला को कथित रूप से परेशान करने और अश्लील संदेश व फोटो भेजकर बदनाम करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने माधौगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी 36 वर्षीय महिला ग्वालियर के माधौगंज क्षेत्र में किराये के मकान में रहती है। कुछ वर्ष पहले एक शादी समारोह में उसकी पहचान बलदेव शर्मा उर्फ गोलू से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती और बातचीत होने लगी थी, लेकिन पति को इसकी जानकारी मिलने के बाद महिला ने आरोपी से संपर्क बंद कर दिया था। 18 जनवरी 2025 को बीमारी के कारण उसके पति की मौत हो गई थी।

महिला का आरोप है कि 28 जून 2026 से आरोपी उसे बार-बार फोन कर मिलने का दबाव बनाने लगा। वह उस पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए भी दबाव डाल रहा था। इनकार करने पर आरोपी ने कथित रूप से अश्लील संदेश और फोटो भेजना शुरू कर दिया। विरोध करने पर फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर बदनाम करने की धमकी दी। इससे परेशान होकर महिला ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित