झाबुआ , अप्रैल 14 -- मध्यप्रदेश में झाबुआ जिले के आदिवासी अंचल में एक महिला को कथित रूप से अमानवीय सजा देने का मामला सामने आया है, जहां उसके सिर के बाल काटकर उसे अपने पति को कंधे पर बैठाकर पूरे गांव में घुमाया गया।पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना थांदला तहसील के काकनवानी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोलवासा की है। मामले में पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला का अपने पति के अलावा किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध था और वह उसके साथ चली गई थी। बाद में परिजनों द्वारा उसे ढूंढकर वापस गांव लाया गया। इसके बाद कथित रूप से सजा के तौर पर उसके सिर के बाल मुंडवा दिए गए और उसे पति को कंधे पर बैठाकर पूरे गांव में घुमाया गया। इस दौरान ग्रामीण तमाशबीन बने रहे।

क्षेत्र में ऐसी कुप्रथा प्रचलित बताई जाती है, जिसमें वैवाहिक संबंधों में विवाद की स्थिति में महिलाओं को इस प्रकार की सजा दी जाती है। कई मामलों में महिलाओं के साथ मारपीट भी की जाती है। जानकारी के अनुसार अधिकांश मामलों में शिकायत दर्ज नहीं होती, लेकिन जब घटनाएं सामने आती हैं या वीडियो वायरल होते हैं, तब पुलिस कार्रवाई करती है। जिले में अंधविश्वास और कुप्रथाओं के चलते महिलाओं के उत्पीड़न के कई मामले सामने आते रहते हैं, जो कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बने हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित