उज्जैन , सितंबर 12 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में भैरवगढ़ थाना पुलिस ने दिल्ली निवासी महिला के साथ अनैतिक कृत्य करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गत सात सितंबर को महिला ट्रेन से उज्जैन रेलवे स्टेशन पहुंची थी। वह स्टेशन से पैदल अम्बोदिया क्षेत्र की ओर जा रही थी। इसी दौरान शाम के समय रास्ते में मिले एक व्यक्ति ने उसे आगे छोड़ने की बात कहकर नाले के पास झाड़ियों में ले गया और उसके साथ जबरदस्ती अनैतिक कृत्य किया। आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने गत आठ सितंबर को भैरवगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
इस मामले में पुलिस ने पीड़िता द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपी की पहचान कर ग्राम अम्बोदिया निवासी महेश मालवीय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित