हरिद्वार , जुलाई 09 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के नगर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और दो बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में महिला से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्यारोपी के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।
पुलिस के अनुसार, नगर कोतवाली के उपनिरीक्षक खेमेन्द्र सिंह गंगवार और उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान अपनी टीम के साथ कल रात दुधियाबंद तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान रायवाला की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
घायल आरोपी की पहचान जिशान (26) पुत्र राशिद निवासी जिगर कॉलोनी, नेहटौर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस के खोखे बरामद किये गये हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी और उसका साथी 28 जून को हर की पैड़ी क्षेत्र से एक महिला को बहला-फुसलाकर चंडी चौक के पास गंगा घाट पर ले गए थे। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि दोनों ने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में महिला द्वारा पैसे मांगने और पुलिस में शिकायत करने की धमकी देने पर दोनों ने कथित रूप से चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद महिला के मोबाइल फोन का सिम निकालकर नदी में फेंक दिया और मोबाइल अपने साथ ले गए।
गौरतलब है कि 28 जून को एक अज्ञात महिला का शव मिलने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नगर कोतवाली में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई पुलिस टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या, पुलिस पर जानलेवा हमला और शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज किये गये हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित