भीलवाड़ा , जुलाई 21 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र में ककरोलिया माफी गांव में मंगलवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद बवाल हो गया।

महिला की मौत से आक्रोशित पीहर पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर कुल्हाड़ी, तलवार, लोहे की छड़ और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी हमले में मृतका के पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि ककरोलिया माफी निवासी लक्ष्मी (40) पत्नी सितारिया बागरिया की सुबह अचानक छाती एवं गले में तेज दर्द होने के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन शव घर लाकर अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे कि तभी डगेरा का खेड़ा (राजपुरा) से पहुंचे मृतका के पीहर पक्ष के लोगों ने अचानक हमला बोल दिया।

उन्होंने बताया कि हमले में घायल हुए लोगों में मृतका का पति सितारिया (40) , रामलाल (27),भैरू (68) और ममता (18) शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित