चित्तौड़गढ़ , जुलाई 23 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ सदर थाना क्षेत्र में रंजिश के चलते एक महिला को जहर देकर हत्या करने के प्रयास का मामला सामने आया है।
पीड़िता की छोटी बहन की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी प्रेमसिंह ने गुरुवार को बताया कि सोनिया कीर ने बुधवार रात शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी बड़ी बहन चंदा के घर 18 जुलाई को मदनलाल जाट, प्रहलाद जाट और भावना शर्मा आए। तीनों पहले बहन का मोबाइल स्विच ऑफ किया, फिर उससे मारपीट की और उसे जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी पीड़िता को बिड़ला अस्पताल ले गए। वर्तमान में पीड़िता उदयपुर में सघन चिकित्सा इकाई में वेंटीलेटर पर है। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक शिवराज राव को सौंपी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित