बैतूल , अक्टूबर 09 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के शाहपुर क्षेत्र में वीबी-जी राम जी योजना के कमिश्नर मयंक अग्रवाल ने शुक्रवार को सतपुड़ांचल किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड की श्री अन्न (मिलेट) प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया देखी और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान श्री अग्रवाल ने मिलेट से तैयार कुकीज, आटा, पास्ता सहित अन्य खाद्य उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता और स्थानीय कृषि संसाधनों के उपयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए पैकेजिंग, ब्रांडिंग, बाजार संपर्क तथा उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

सतपुड़ांचल किसान उत्पादक कंपनी में 28 गांवों की 2,075 महिला शेयरधारक जुड़ी हैं। कंपनी का उद्देश्य श्री अन्न के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका और स्वरोजगार के अवसर विकसित करना है।

कंपनी की निदेशक यशोदा कसदे और मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेश देशमुख ने कमिश्नर को महिला किसानों की भागीदारी, उत्पाद निर्माण और विपणन गतिविधियों की जानकारी दी। श्री अग्रवाल ने पारंपरिक अनाजों को प्रसंस्कृत उत्पादों के रूप में बाजार से जोड़ने की पहल को ग्रामीण उद्यमिता के लिए उपयोगी बताया।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गणेश जायसवाल, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक सतीश पवार, परियोजना अधिकारी संजय यादव, शाहपुर के ब्लॉक मैनेजर घनश्याम यादव, सनराइज के सचिव राजकुमार सिरोरिया और सहायक कलेक्टर पुष्पराज खोट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित