धार , मार्च 05 -- मध्यप्रदेश में धार जिला महिला कांग्रेस ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम कथित एपस्टीन प्रकरण से जुड़े अंतरराष्ट्रीय खुलासों में आने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और उनके इस्तीफे की मांग की।

जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रीति माहेश्वरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाग थाना पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने से पूर्व कार्यकर्ताओं ने 'केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी इस्तीफा दो' लिखे बैनर पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकरण में पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठ रही है। ऐसे में किसी केंद्रीय मंत्री का नाम सामने आना गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग करते हुए कहा कि जांच पूरी होने तक मंत्री को नैतिकता के आधार पर पद छोड़ देना चाहिए।

ज्ञापन सौंपते समय बाग ब्लॉक महिला अध्यक्ष रायकू बाई मंडलोई, टांडा ब्लॉक अध्यक्ष माया बघेल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित