पटना , सितंबर 30 -- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स)पटना ने मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए एक उच्चस्तरीय राउंडटेबल का आयोजन किया।

"नो वुमन फॉल्स थ्रू द गैप: बिल्डिंग ए नेटवर्क ऑफ केयर फ्रॉम प्री-प्रेग्नेंसी टू पोस्टनेटल पीरियड" विषय पर आयोजित इस संवाद में नीति-निर्माताओं, चिकित्सकों, जनस्वास्थ्य विशेषज्ञों, स्वास्थ्यकर्मियों, पेशेवर संगठनों, सामुदायिक प्रतिनिधियों और विकास साझेदारों ने भाग लिया।

स्त्री रोग और प्रसूति में अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा के लिए जॉन्स हॉपकिंस कार्यक्रम यानी जापाइगो के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को गर्भधारण से पहले की देखभाल से लेकर गर्भावस्था, प्रसव और प्रसव के बाद तक लगातार एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने पर चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय पर पहचान, सम्मानजनक मातृ देखभाल, प्रसव के बाद फॉलो अप तथा रेफरल व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।

भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अपर आयुक्त, मातृ स्वास्थ्य एवं टीकाकरण, डॉ. पवन कुमार ने स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता को महत्वपूर्ण बताते हुए उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की जल्द पहचान और प्रसव के बाद बेहतर निगरानी की आवश्यकता पर बल दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित