पटना, सितंबर 18 -- मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना ने प्रदेश की लाखों महिलाओं का स्वरोजगार करने के सपनों को हकीकत में बदला है। इस योजना के तहत 7-8 लाख ऋण प्राप्त कर महिलाओं को अपने पसंदीदा रोजगार को शुरू कर खुद के साथ अन्य महिलाओं को स्थायी रोजगार देना का काम कर रही है।
बांका जिले के बाराहाट प्रखंड के नया नगरी गांव की रहने वाली बबीता कुमारी ने कहा कि योजना से पहले व पति के साथ जालंधर स्थित फुटबॉल निर्माण कारखाने में काम करती थी। घर में आर्थिक संकट होने की वजह से वे गांव आकर स्वरोजगार शुरू करने की कल्पना भी नहीं कर सकती थी। फिर उन्हें समाचार पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना के बारे में जानकारी मिली। जिसके बाद ऑनलाइन माध्यम से योजना के तहत ऋण प्राप्त कर अपने घर में ही फुटबॉल बनाने की इकाई स्थापित की।
बबीता कुमारी ने कहा कि फिलहाल उनकी निर्माण इकाई में 50 से अधिक महिलाओं को रोजगार दिया जा रहा है। इसके अलावा झारखंड,बंगाल,उड़ीसा समेत असम में भी उनके प्रोडक्ट की भारी डिमांड है। उन्होंने कहा कि जालंधर में वे व उनके पति महज 10 से 15 हजार के लिए घंटों मेहनत करते थे। वहीं आज अपने उद्यम के दम पर 40 लाख से अधिक टर्नओवर अर्जित कर रही है। उन्होंने अपनी इस सफलता को मुख्यमंत्री को समर्पित किया है।
बबीता के साथ योजना की लाभार्थी बांका जिले की भीतिया गांव निवासी ममता कुमारी ने कहा कि वे अपने बेरोजगारी के दिनों को याद करती है तो लाचारी व कठिनाईयां ही मन में आता है। फिर 2024 में मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना के तहत 7 लाख का ऋण हासिल करने के बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। वर्तमान में अपने ही ग्राम में आटा, बेसन उत्पादन के लिए फ्लोर मील संचालित कर 50 हजार से अधिक की कमाई कर रही हूं। साथ ही अपने आस-पास के गांव के 5 लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी जैसी लाखों महिलाओं को उद्यमी योजना के तहत अपने सपनों का रोजगार हासिल हुआ है। जिसके लिए हम सभी महिला समूह मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करती है।
वर्ष 2021 में मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना की शुरूआत की गयी थी। इस योजना के तहत इच्छुक व मेहनती महिलाओं को स्वरोजगार करने के लिए बिहार सरकार द्वारा 10 लाख तक का ऋण दिया जा रहा है। योजना ने अबतक 9 हजार से अधिक महिलाओं को अपने सपनों का रोजगार देकर आत्मनिर्भर बनाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित