पटना, अप्रैल 17 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को लोकसभा में गिराकर कांग्रेस ने आपातकाल के बाद एक और कलंक का टीका अपने माथे ले लिया है। श्री सिन्हा ने आज बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने एक बार फिर महिलाओं के अधिकारों के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी को उनका हक दिलाने वाले महिला आरक्षण विधेयक को लोकसभा में सिर्फ 54 वोटों से हराने की साजिश रची गई। यह विपक्ष का वही चेहरा है जिसने पहले भी महिला आरक्षण का विरोध किया था।

श्री सिन्हा ने कहा कि जहां भाजपा पूरी गंभीरता और ईमानदारी से महिला सशक्तीकरण के लिए प्रयासरत है, वहीं कांग्रेस सदन में बहाने बनाकर इसे गिराने में लगी रही। उन्होंने कहा कि महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने का यह ऐतिहासिक अवसर कांग्रेस की नकारात्मक सोच के कारण हाथ से निकल गया।

भाजपा नेता श्री सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद )और समाजवादी पार्टी (सपा) जैसी पार्टियों के लिए राजनीति महिलाओं के भविष्य से ज़्यादा मायने रखती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों की महिला विरोधी सोच का खामियाजा हमारे देश की महिलाओं को उठाना पड़ेगा।

श्री सिन्हा ने कहा कि देश की महिलाओं के लिए भाजपा सत्ता के दरवाजे खोलने के लिए जी-जान से जुटी थी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति उनके इस अपराध का उत्तर जनता अवश्य देगी। देश की बहनें-बेटियां कांग्रेस को उनकी इस घृणित प्रयास के लिए कभी माफ नहीं करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित