काशीपुर (उधम सिंह नगर) , अप्रैल 20 -- उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि आधी आबादी के अधिकारों का विरोध करने वालों को जनता आगामी चुनावों में करारा जवाब देगी।

काशीपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस जैसे दलों ने महिला आरक्षण का विरोध कर महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने इसे केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों से जुड़ा विषय बताया।

श्रीमती आर्य ने विश्वास जताया कि देश की महिलाएं इस मुद्दे को गंभीरता से लेंगी और लोकतंत्र के आगामी चुनावों में विपक्ष को सबक सिखाएंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और यह संकल्प लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने के अपने वादे पर पूरी तरह अडिग है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित