भोपाल , मई 4 -- मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस ने महिला आरक्षण कानून के तत्काल क्रियान्वयन की मांग को लेकर पोस्टकार्ड अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में आज भोपाल के टीटी नगर डाकघर से प्रधानमंत्री के नाम पोस्टकार्ड भेजे गए।

महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिला आरक्षण कानून का शीघ्र लागू होना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने यह भी मांग की कि इस कानून में ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग की महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार सुनिश्चित किया जाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि आरक्षण के दायरे में समाज के सभी वर्गों की महिलाओं को न्यायोचित प्रतिनिधित्व मिलना आवश्यक है, तभी सामाजिक न्याय की अवधारणा साकार हो सकेगी।

इस दौरान संतोष कंसाना, रूपाली शर्मा, महक राणा, रतन पांडे, माया विश्वकर्मा और रेखा मोड सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांग की है कि महिला आरक्षण कानून को बिना विलंब लागू किया जाए और सभी वर्गों की महिलाओं को समान अवसर प्रदान किए जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित