नई दिल्ली , अप्रैल 19 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा।

कार्यक्रम में दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के साथ जयराम रमेश, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, अल्का लांबा समेत कई अन्य नेता मौजूद रहे।

इस दौरान श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि 17 अप्रैल को लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक नहीं, बल्कि परिसीमन विधेयक पराजित हुआ, जिसे भाजपा देश पर थोपना चाहती थी।

श्री जयराम रमेश ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि भाजपा ईमानदार है तो 543 लोकसभा सीटों के भीतर ही महिलाओं को तुरंत 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करे। उन्होंने परिसीमन को महिला आरक्षण से जोड़ने पर भी आपत्ति जताई।

वहीं श्रीमती लांबा ने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन को आगे बढ़ाना चाहती थी, ताकि राजनीतिक लाभ लिया जा सके।

श्री दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सरकार को 2023 के कानून के तहत मौजूदा सीटों में ही महिलाओं को आरक्षण देना चाहिए और भ्रम फैलाना बंद करना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित