बागपत , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में "महिला आयोग आपके द्वार" कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई कर महिलाओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और सशक्तिकरण पर जोर दिया। जनसुनवाई के दौरान कुल 41 प्रकरण अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जिनमें 33 मामले पूर्व से लंबित थे, जबकि शेष नए मामलों को मौके पर ही पंजीकृत कर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सुनवाई में पारिवारिक विवाद, पति-पत्नी के बीच मतभेद, परित्याग, बच्चों की अभिरक्षा, घरेलू हिंसा, भरण-पोषण तथा विभागीय सहयोग न मिलने से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।

अध्यक्ष विजया रहाटकर ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण की संवेदनशीलता के साथ सुनवाई कर पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और किसी भी पीड़िता को न्याय से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

उन्होंने विशेष रूप से परित्यक्त महिलाओं और बच्चों की अभिरक्षा से जुड़े मामलों पर चिंता जताते हुए निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में बच्चों के हित को सर्वोपरि रखते हुए शीघ्र निर्णय सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बच्चों की शिक्षा प्रभावित न होने देने पर भी बल दिया।

पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि महिला संबंधित मामलों में पारदर्शिता और गंभीरता के साथ जांच की जाए तथा यदि कोई मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध हो तो उसकी निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना, मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत बच्चों के निःशुल्क प्रवेश जैसी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने आश्वासन दिया कि आयोग की अध्यक्ष द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का पूर्ण अनुपालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है। इसके उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शी लाभ वितरण के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) विनीत कुमार उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर ज्योति शर्मा, एसडीएम अमरचंद वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित