सिवनी , सितंबर 12 -- मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में किसान जनजागरण यात्रा के दौरान गुरुवार को महिला अधिकारियों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी करने और प्रशासन की अनुमति की शर्तों का उल्लंघन कर सड़क पर भीड़ जुटाने के मामले में डूंडासिवनी पुलिस ने राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा उर्फ 'कक्काजी' सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 223(ए) और 126(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नायब तहसीलदार राधिका पाठक की लिखित शिकायत पर थाना डूंडासिवनी में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में शिवकुमार शर्मा के अलावा धनसिंह ठाकुर, प्रीतम सिंह ठाकुर, शुभम दयाल पटेल और राजेश सोलंकी को आरोपित बनाया गया है। पुलिस के अनुसार फिलहाल सभी आरोपितों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित