समस्तीपुर , सितंबर 25 -- राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं समस्तीपुर के पूर्व सांसद प्रिंस राज ने शुक्रवार को बिहार में महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से ठोस नीति बनाने और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

श्री राज ने आज यहां कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं और बच्चियों के साथ छेड़छाड़ एवं दुर्व्यवहार की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि पिछले कुछ दिनों में बिहार की बहनों और बेटियों की अस्मिता एवं सुरक्षा से जुड़े कथित मामलों ने प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

पूर्व सांसद ने जमुई, समस्तीपुर और बांका समेत विभिन्न जिलों में सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि छात्राओं और कामकाजी महिलाओं के साथ बदसलूकी एवं छेड़छाड़ की घटनाएं कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक स्तर पर भी चिंता का विषय हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित