चंडीगढ़ , जून 22 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने आम आदमी पार्टी सरकार पर महिलाओं से किये गये वादों को पूरा न करने का आरोप लगाते हुए मांग की है कि राज्य की प्रत्येक महिला को 3,000 रुपये के बजाय 51,000 रुपये दिये जायें, जैसा कि विधानसभा चुनावों से पहले वादा किया गया था।

श्री वड़िंग ने सोमवार को यहां जारी बयान में कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने साढ़े चार वर्षों तक महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का वादा पूरा नहीं किया और अब कार्यकाल के अंतिम चरण में मामूली राशि देकर महिलाओं को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के खातों में राशि भेजने की घोषणा चुनावों को ध्यान में रखकर की गयी है।

कांग्रेस नेता ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा पंजाब की योजना को "दुनिया की सबसे बड़ी महिला सशक्तिकरण योजना" बताए जाने पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह दावा वास्तविकता से परे है और अन्य राज्यों की योजनाओं से इसकी तुलना नहीं की जा सकती।

श्री वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस शासित तेलंगाना और कर्नाटक में महिलाओं को क्रमशः 2,500 रुपये और 2,000 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इन राज्यों में कांग्रेस सरकार बनने के तुरंत बाद योजनाओं का लाभ महिलाओं के बैंक खातों में पहुंचना शुरू हो गया था।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं से किए गए वादों को लागू करने में देरी नहीं की, जबकि पंजाब में महिलाओं को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के बाद यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो तेलंगाना और कर्नाटक की तर्ज पर महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता योजना लागू की जाएगी।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने महिलाओं की उम्मीदों के साथ खिलवाड़ किया है और अब चुनावी लाभ के लिए योजनाओं को प्रचारित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाएं सरकार की मंशा को अच्छी तरह समझती हैं और समय आने पर इसका जवाब देंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित