चंडीगढ़ , जून 03 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये वित्तीय सहायता देने की घोषणा पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह फैसला 'बहुत कम, बहुत कम राशि और बहुत देर से' लिया गया है।

बुधवार को यहां जारी एक बयान में राज वड़िंग ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने महिलाओं से 1000 रुपये प्रतिमाह देने का वादा कर वोट हासिल किए, लेकिन अपने कार्यकाल के अंतिम चरण में जाकर इस योजना को लागू किया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने अपना वादा समय पर पूरा किया होता तो महिलाओं को पांच वर्षों में 60,000 रुपये मिलते, लेकिन अब सरकार के शेष लगभग छह महीने के कार्यकाल में उन्हें केवल 6,000 रुपये ही मिल पाएंगे।

राजा वड़िंग ने कहा, " यह महिलाओं के साथ खुली धोखाधड़ी है। आपने 60,000 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन अब केवल 6,000 रुपये देने की बात कर रहे हैं।"कांग्रेस नेता ने मांग की कि सरकार राज्य की प्रत्येक पात्र महिला को 54,000 रुपये का बकाया भी दे। उन्होंने कहा कि यदि आम आदमी पार्टी वास्तव में महिलाओं के प्रति गंभीर है तो उसे वादे के अनुरूप पूरी राशि का भुगतान करना चाहिए।

राजा वड़िंग ने घोषणा की कि कांग्रेस महिलाओं के साथ कथित धोखाधड़ी के खिलाफ राज्यभर में विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के बाद यदि कांग्रेस की सरकार बनती है तो सभी जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर महिलाओं को दी जाने वाली नकद सहायता, को सरकार बनने के पहले दिन से लागू किया जाएगा।

उन्होंने कर्नाटक और तेलंगाना की कांग्रेस सरकारों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां महिलाओं को नकद सहायता योजनाओं का लाभ सरकार बनने के पहले वर्ष से ही सीधे उनके बैंक खातों में दिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित