रांची , जून 11 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के महिलाओं के संदर्भ में दिए गए उनके एक बयान पर भाजपा ने कड़ी नाराजगी जताई है।
पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने कहा कि इरफान अंसारी द्वारा महिलाओं के चेहरे की चमक बढ़ जाने जैसे शब्द का प्रयोग करना पूरे महिला समाज का अपमान है। यह बयान शर्मनाक और निंदनीय है। कांग्रेस नेताओं और खासकर इरफान अंसारी के द्वारा महिलाओं को लेकर दिया गया यह कोई पहला आपत्तिजनक बयान नहीं है। इसके पहले भी महिलाओं के खिलाफ मंत्री आपत्तिजनक बयान दे चुके हैं।
इससे पहले महिलाओं के लिए ये रिजेक्टेड माल जैसे शब्दों का प्रयोग कर अपमानित कर चुके हैं। यही नहीं, देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ भी कांग्रेसी आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर चुके हैं।
श्रीमती कोड़ा ने कहा कि इरफान अंसारी का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। इनका इलाज कराना जरूरी है। राज्य सरकार को तत्काल इन्हें रिनपास में भर्ती करा देना चाहिए। प्रदेश उपाध्यक्ष ने हेमंत सरकार से स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को अविलंब बर्खास्त करने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित