चंडीगढ़ , जून 22 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर महिलाओं से किये गये वादों को पूरा न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 2021 में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का जो वादा किया गया था, वह 52 महीने बाद भी अधूरा है और सरकार केवल नयी-नयी घोषणाएं कर लोगों को गुमराह कर रही है।
श्री चुघ ने कहा कि मार्च 2022 से लेकर अक्टूबर 2022, जनवरी 2023, नवंबर 2023, अप्रैल 2025, जनवरी 2026 और अब हालिया घोषणा तक महिलाओं को लगातार आश्वासन दिये गये, लेकिन उन्हें वास्तविक लाभ नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की प्रत्येक पात्र महिला का लगभग 53 हजार रुपये बकाया बनता है और महिलाएं अब अपने अधिकारों का हिसाब मांग रही हैं।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कभी 1100 रुपये प्रतिमाह, कभी 1000 रुपये और अब 3000 रुपये देने की घोषणाओं के जरिए सरकार अपनी वादाखिलाफी छिपाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यह महिला सशक्तिकरण नहीं, बल्कि महिलाओं के साथ राजनीतिक छल है।
राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए श्री चुघ ने कहा कि जिनके खिलाफ धार्मिक भावनाओं से जुड़े विवादों को लेकर सवाल उठ रहे हैं, उन्हें नैतिकता के आधार पर अपने पद पर बने रहने पर विचार करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाने के लिए लगातार नए राजनीतिक हथकंडे अपना रही है।
श्री चुघ ने कहा कि पंजाब इस समय नशे, बेरोजगारी और अन्य गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है, लेकिन सरकार इन समस्याओं के समाधान की बजाय प्रचार पर अधिक ध्यान दे रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता अब सरकार की नीतियों और वादों की वास्तविकता समझ चुकी है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हालिया पंजाब दौरे का उल्लेख करते हुए श्री चुघ ने कहा कि इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और आत्मविश्वास पैदा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों में पंजाब में राजनीतिक बदलाव लाने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब को सुरक्षित, समृद्ध और विकासोन्मुख राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनता को झूठे वादों और राजनीतिक धोखे से मुक्ति दिलाने का संकल्प रखती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित