पुष्कर (अजमेर) , मई 10 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना केन्द्र और राज्य सरकार का लक्ष्य बताते हुए कहा है कि राजस्थान ग्रामीण आजिविका विकास परिषद (राजीविका) के माध्यम से प्रदेश में 17.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं।

श्री शर्मा रविवार को पुष्कर के कड़ैल में ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजीविका से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र तथा राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से समक्ष बनाने के लिए काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण के विभिन्न कार्य हो रहे हैं। जिसमें घर-घर शौचालय का निर्माण, उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर वितरण, हर घर नल से जल और जन-धन खाते खुलवाकर योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना शामिल है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने महिलाओं के लिए मा वाउचर योजना शुरू की है। बालिकाओं को साइकिल व स्कूटी वितरण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने लखपति दीदी योजना प्रारंभ की। जिसमें महिलाएं कृषि सखी, बैंक सखी, पशु सखी, ड्रोन दीदी जैसी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। राजीविका के माध्यम से प्रदेश में 17.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। हमारी सरकार महिलाओं को टेबलेट वितरण भी कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखपति दीदी योजना में महिलाओं को मिलने वाले ऋण की सीमा को एक लाख से बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपये किया गया है वहीं ब्याज को 2.5 प्रतिशत से घटाकर 1.5 प्रतिशत किया है। राज्य सरकार निरंतर भर्तियां भी निकाल रही है। साथ ही, स्वरोजगार करने वाले युवाओं को बिना ब्याज के लोन भी उपलब्ध करवा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित