नयी दिल्ली , अप्रैल 17 -- विधायिका में महिलाओं को आरक्षण देने से संबंधित संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026 पारित न हो पाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया और विपक्षी दलों के खिलाफ नारे लगाये।
संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में दो तिहाई बहुमत न मिल पाने के कारण शुक्रवार को पारित नहीं हो पाया। इसके बाद भाजपा और उसके सहयोगी दलों की महिला सांसदों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की। वे नारे लगा रही थीं, "महिलाओं का यह अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान, आधी आबादी का यह अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान।"इन सांसदों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल महिला विरेाधी हैं। इसी के कारण कांग्रेस इन दलों ने महिलाओं को विधायिका में आरक्षण देने का विरोध किया तथा संविधान संशोधन विधेयक को पारित नहीं होने दिया। कुछ भाजपा महिला सांसद कांग्रेस के महिला विरोधी होने के नारे लिखी हुई तख्तियां भी लिये हुए थीं।
इन सांसदों ने कहा कि देश मी मातृशक्ति इस अपमान को नहीं भूलेगी और सभी विपक्षी दलों को चुनावों में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित