रायपुर , अगस्त 27 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को कहा कि माताओं-बहनों के सम्मान, सशक्तिकरण और खुशहाली से परिवार मजबूत होंगे और मजबूत परिवारों से विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण होगा।

जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम केरसई में आयोजित 'रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद' कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं ने मुख्यमंत्री साय की कलाई पर राखी बांधी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह के साथ विश्वास, सम्मान और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की माताओं-बहनों का सम्मान, सुरक्षा और खुशहाली उनकी जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें घासीमुंडा में जर्जर प्राथमिक शाला के स्थान पर नया भवन, केरसई में मिनी स्टेडियम और तालाब का सौंदर्यीकरण, केरसई एवं घासीमुंडा के बजरंग बली मंदिरों का जीर्णोद्धार, मुख्य मार्ग से अरुण के घर तक सीसी सड़क, ग्राम पंचायत कोहपानी के गढ़वामुड़ा यादव बस्ती और घासीमुंडा में सामुदायिक भवन तथा ग्राम ऊपरकछार में महतारी सदन का निर्माण शामिल है।

श्री साय ने केरसई में लगभग 84.69 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और सामुदायिक भवन सहित बुनियादी अधोसंरचना के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है।

महिला सशक्तिकरण की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं 'लखपति दीदी' बन चुकी हैं। महतारी वंदन योजना के तहत करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों और ड्रोन दीदी जैसी पहलों से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही हैं। जशपुर जिले की महिलाओं को 50 ई-रिक्शा दिए जाने से स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र गरीब परिवारों के लिए पक्के मकान बनाए जा रहे हैं। रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के जरिए जरूरतमंद लोगों को धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में नक्सलवाद के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई से प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों में विकास को नई गति मिली है। ऐसे क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क, राशन और दूरसंचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

श्री साय ने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराने की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री बिजली बिल राहत योजना का लाभ लेने और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों में सौर पैनल लगवाने का भी आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज के साथ एमसीएच यूनिट, फिजियोथेरेपी, नर्सिंग और स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश की बहनों के बीच 'विष्णु भैया' के रूप में आत्मीय रिश्ता स्थापित कर रहे हैं और उनके नेतृत्व में क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगें पूरी हो रही हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बालिका आयुषी को पासबुक प्रदान की। स्वामित्व योजना के तहत कौशल्या पैंकरा, कमला बाई, लालो, ज्योति बाई और सुमेत्रा खैरवार को आवासीय पट्टे वितरित किए गए। सरस्वती स्व-सहायता समूह को एक लाख रुपये का चेक भी प्रदान किया गया।

इस अवसर पर विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित