नयी दिल्ली , जून 20 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के डेढ़ साल के कार्यकाल में राष्ट्रीय राजधानी में केवल एक महिला थाना खोलना महिलाओं की सुरक्षा और उनके खिलाफ बढ़ते अपराधों के प्रति सरकार की सुस्त और ढुलमुल नीति को दर्शाता है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा कि सब्जी मंडी में महिला थाने का उद्घाटन स्वागतयोग्य कदम है, लेकिन ढाई करोड़ से अधिक आबादी और एक करोड़ से ज्यादा महिलाओं वाले शहर में केवल एक नया महिला थाना पर्याप्त नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि दिल्ली कांग्रेस ने गत 31 मार्च को उपराज्यपाल से मुलाकात कर राजधानी की बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जतायी थी। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की 2024 की रिपोर्ट के अनुसार महिलाओं के खिलाफ अपराध दर के मामले में दिल्ली देश में सबसे ऊपर है। उनके अनुसार, राजधानी में दुष्कर्म, दहेज हत्या, घरेलू हिंसा, अपहरण और यौन उत्पीड़न के मामले लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर भी निशाना साधते हुए कहा कि महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद महिला सुरक्षा को लेकर अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखायी गयी। उन्होंने कहा कि महिलाओं और लड़कियों की बढ़ती गुमशुदगी पर उच्च न्यायालय भी चिंता जता चुका है, लेकिन सरकार प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। उन्होंने मांग की कि केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर पुलिस व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाएं तथा महिला पुलिस थानों की संख्या बढ़ाकर महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करायें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित