नयी दिल्ली , मई 15 -- राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ग्रामीण महिलाओं के कौशल विकास और स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 'प्रोजेक्ट सक्षम' संचालित कर रहा है।

एनएचएआई का कहना है कि देशभर में 12 प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से अब तक छह हजार से अधिक युवाओं को इसके तहत प्रशिक्षित किया जा चुका है, जिनमें चार हजार से अधिक को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार मिला है। लाभार्थियों की औसत मासिक आय 13 हजार से 16 हजार रुपये के बीच है। परियोजना में 80 प्रतिशत से अधिक लाभार्थी महिलाएं हैं।

प्राधिकरण का कहना है कि वर्टिस फाउंडेशन के सहयोग से चलायी जा रही इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। इस परियोजना के तहत विद्युत कार्य, प्लंबिंग, उपकरण मरम्मत, सिलाई, सामान्य नर्सिंग सहायक तथा बहु-कौशल तकनीशियन जैसे व्यावसायिक प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं।

एनएचएआई ने कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास रहने वाले ग्रामीण समुदायों, विशेषकर महिलाओं को बुनियादी ढांचा विकास से उत्पन्न आर्थिक अवसरों से जोड़ना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित