राजनांदगांव , मई 22 -- ) छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कहा है कि महिलाओं और बेटियों की शिक्षा समाज के समग्र विकास की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा सरकार महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
डॉ. सिंह आज सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम डिलापहरी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 3 करोड़ 77 लाख 36 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हुए 89 विकास कार्यों का लोकार्पण किया तथा ग्राम डिलापहरी में उप स्वास्थ्य केंद्र और डीएमएफ मद से विभिन्न स्कूलों में शौचालय निर्माण के लिए 1 करोड़ 50 लाख रुपये की घोषणा की।
उन्होंने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुधार के लिए 63 केवी क्षमता वाले ट्रांसफार्मर को बढ़ाकर 100 केवी करने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तीन हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र एवं चाबी सौंपी गई, जबकि तीन हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड वितरित किए गए। लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र और स्वच्छता दीदियों को शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत क्षेत्र के 13 गांवों की 5079 महिलाओं को प्रतिमाह लगभग 50 लाख रुपये की सहायता राशि मिल रही है तथा बीते 27 माह में करीब 14 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित