अमृतसर , फरवरी 20 -- पंजाब के अमृतसर में गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के साइक्लिंग वेलोड्रोम में खेलो इंडिया योजना के तहत दो दिवसीय अस्मिता वीमेन साइक्लिंग लीग नॉर्थ ज़ोन ट्रैक साइक्लिंग चैंपियनशिप सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई।
इस दौरान उत्तर भारत के आठ राज्यों की लगभग 400 महिला साइकिल खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के नॉर्थ ज़ोन प्रभारी एवं सहायक सचिव श्री नीरज तंवर की निगरानी में यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता खेल मंत्रालय, भारत सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) तथा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित की गई। श्री नीरज तंवर ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए फेडरेशन के चेयरमैन ओंकार सिंह और महासचिव मनिंदरपाल सिंह का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ की विभिन्न वर्गों की विजेताओं को पदक एवं कुल 3,45,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।
सब-जूनियर वर्ग की स्क्रैच रेस एवं केरिन रेस में पंजाब की अंजली जाखड़, तरुण कुमारी और पलकप्रीत कौर ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर महिला वर्ग की 500 मीटर टाइम ट्रायल स्पर्धा में पंजाब की पलकप्रीत कौर ने स्वर्ण, जपनीत कौर ने रजत तथा अंजली ने कांस्य पदक हासिल किया।
इसी वर्ग की केरिन एवं स्क्रैच रेस में पंजाब की हरिस्ता जाखड़ ने प्रथम, सुहानी ने द्वितीय तथा हरियाणा की भूमिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला एलीट वर्ग की 10 किलोमीटर स्क्रैच रेस में पटियाला की रजिया देव, चैनिका गंगोई और सिया लालवानी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया। इसी वर्ग की केरिन रेस में पंजाब की रजिया देव ने स्वर्ण, चैनिका गंगोई ने रजत तथा संतोषी ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. कंवर मनदीप सिंह जिमी ढिल्लों ने साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता से महिला खेल क्षेत्र को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिला है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लड़कियों की भागीदारी खेलों के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने विश्वविद्यालय के साइक्लिंग वेलोड्रोम से संबंधित कुछ मांगें भी फेडरेशन के समक्ष रखीं और कहा कि यदि इन मांगों को पूरा किया जाता है तो वेलोड्रोम की कार्यक्षमता और भी बेहतर हो जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित