करनाल , अगस्त 08 -- महिलाओं को स्तन स्वास्थ्य, स्तन कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों, बचाव तथा समय पर जांच के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
इसी उद्देश्य से करनाल स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के महिला चिकित्सा विज्ञान विभाग की ओर से शनिवार को 'स्तन स्व-परीक्षण' विषय पर स्वास्थ्य वार्ता आयोजित की गयी।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कैंसर नियंत्रण कार्यक्रम के सलाहकार डॉ नरेश पुरोहित ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में हिस्सा लिया। उन्होंने स्तन कैंसर के संभावित कारणों, जोखिम कारकों, शुरुआती लक्षणों, बचाव और जांच से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
डॉ पुरोहित ने कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य और शरीर में होने वाले बदलावों के प्रति सजग रहना चाहिए। किसी भी असामान्य परिवर्तन की समय रहते पहचान और चिकित्सकीय परामर्श से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने स्तन स्व-परीक्षण की आवश्यकता, महत्व और सही तरीके के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्तन में गांठ, आकार में असामान्य बदलाव, त्वचा में परिवर्तन अथवा किसी अन्य असामान्य लक्षण को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ऐसी स्थिति में बिना संकोच विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेकर आवश्यक जांच करवानी चाहिए।
डॉ पुरोहित ने कहा कि स्तन कैंसर को लेकर महिलाओं में भय पैदा करने के बजाय उन्हें और युवतियों को सही, वैज्ञानिक एवं प्रामाणिक जानकारी उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में महिलाओं में स्तन कैंसर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और राज्य में हर वर्ष लगभग 3,000 से 3,500 नये मामले सामने आने का अनुमान है।
उन्होंने चिंता जतायी कि बड़ी संख्या में महिलाएं बीमारी के तीसरे या चौथे चरण में अस्पताल पहुंचती हैं, जिससे उपचार चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ पुरोहित ने मेडिकल छात्राओं द्वारा पूछे गये विभिन्न सवालों के विस्तार से उत्तर दिए और उनकी जिज्ञासाओं का सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से समाधान किया। उन्होंने छात्राओं को स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज की अन्य महिलाओं को भी महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य वार्ता में चिकित्सा महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक और कर्मचारी भी सक्रिय रूपसे शामिल हुए। प्रतिभागियों ने स्तन कैंसर की प्रारंभिक पहचान, रोकथाम, जांच और उपचार सहित महिला स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित