कपूरथला , अगस्त 01 -- आम आदमी पार्टी महिला विंग की पंजाब प्रदेश अध्यक्ष एवं मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने शनिवार को कहा कि महिलाएं समाज की मजबूत नींव हैं और उनके सशक्तिकरण के बिना प्रगतिशील एवं समृद्ध राष्ट्र की कल्पना नहीं की जा सकती।

डॉ अरोड़ा ने स्थानीय विरसा विहार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनती हैं तो उनमें आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक सम्मान बढ़ता है। इससे वे परिवार और समाज के विकास में अधिक प्रभावी भूमिका निभाती हैं। उन्होंने महिलाओं से पंजाब के सामाजिक और आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार महिलाओं के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार ने महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के उद्देश्य से कई जनहितकारी योजनाएं शुरू की हैं।

डॉ. अरोड़ा ने कहा कि 'मावां धीयां सत्कार योजना' पंजाब सरकार की प्रमुख योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता प्रदान कर उन्हें आर्थिक सुरक्षा और बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस अवसर पर आप के हलका इंचार्ज एडवोकेट करमबीर सिंह चांदी ने कहा कि महिलाओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, व्यापार, विज्ञान, खेल और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं को समान अवसर दिये जायें तो वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में पूरी तरह सक्षम हैं।

कार्यक्रम में हरदीप कौर चांदी, आप दोआबा जोन सचिव कृष्णा ग्रेवाल, महिला विंग जिला अध्यक्ष सुमन शर्मा, प्रदेश संयुक्त सचिव बलविंदर कौर, रानी नरिंदर मंसू, पूजा शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित