महासमुंद , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग प्रकरणों में जब्त 996 किलोग्राम गांजा नष्ट किया। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि यह कार्रवाई बेलसोंडा स्थित बालाजी पावर प्लांट में जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में संपन्न हुई।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 के एक तथा वर्ष 2026 के दो प्रकरणों में जब्त कुल 996 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत पांच करोड़ दो लाख 50 हजार रुपये है, का नियमानुसार नष्टीकरण किया गया। नष्ट करनेसे पूर्व समिति द्वारा जब्त सामग्री का विधिवत भौतिक सत्यापन किया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और नियमों के अनुरूप सुनिश्चित हो सके।

इसके पश्चात गांजे को प्लांट की भट्टी में डालकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित आबकारी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि मादकपदार्थों के विरुद्ध यह कार्रवाई सतत अभियान के तहत की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित