महासमुंद , अप्रैल 22 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में कोतवाली पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 43 किलो 120 ग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 21 लाख 56 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर तहसील कार्यालय के पास नाकेबंदी कर एक कार को रोका।
कार की तलाशी के दौरान डिक्की, पिछली सीट के नीचे और बैक लाइट के अंदर छिपाकर रखे गए कुल 43 पैकेट गांजा बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 43.120 किलोग्राम पाया गया। कार में सवार दो व्यक्तियों की पहचान श्यामल वासिनक एवं तानिस अंसारी, निवासी महाराष्ट्र के रूप में हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा के फुलवारी क्षेत्र से गांजा लेकर महाराष्ट्र जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित