महासमुंद , मई 19 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित दीनदयाल कॉलोनी (हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी) का है, जहां अज्ञात चोरों ने दो सूने मकानों में धावा बोलकर लाखों रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ किया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी एलआईजी-41 निवासी व्याख्याता सुखेन्द्र द्विवेदी का मकान पिछले करीब 17 दिनों से बंद पड़ा था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मुख्य गेट की कुंडी काटकर घर में प्रवेश किया और आलमारी एवं ट्रंक का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से चांदी की लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा, चांदी का लोटा, तीन चांदी की कटोरियां, 12 चांदी के सिक्के, पांच जोड़ी पायल, चांदी का शिवलिंग एवं बेलपत्र, दो सोने की अंगूठियां तथा सीसीटीवी डीवीआर सहित लगभग 98 हजार रुपये मूल्य का सामान ले गए।
इसी कॉलोनी में रहने वाली आशा रावत के घर का ताला तोड़कर भी चोरों ने प्रवेश किया और वहां से 12 हजार रुपये नकद तथा सोने का एक टप्स चोरी कर लिया। बताया जा रहा है कि कॉलोनी के अन्य घरों की भी चोरों द्वारा रेकी की गई।
घटना से जुड़े कई संदिग्ध फुटेज कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। फुटेज में चार संदिग्ध युवक सिर पर गमछा बांधे हुए दिखाई दे रहे हैं, जो मकानों के आसपास घूमते और टॉर्च की रोशनी से घरों के भीतर झांकते नजर आ रहे हैं।
घटना की मंगलवार को जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने स्वयं मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस खोजी स्वान और तकनीकी टीम की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित