महासमुंद , अक्टूबर 23 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर बावनकेरा चौक के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ, जब संबलपुर से लौट रही एक कार चलती 16 चक्का ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में कार सवार पांच लोगों में से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार सवार ओडिशा के संबलपुर में शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वे संभवतः राजनांदगांव के निवासी थे। हालांकि, उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित