महासमुंद , जुलाई 30 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच सितली नाला में बाढ़ आने से बम्हनी के फर्शी उद्योग में काम करने वाले दो मजदूर फंस गए, जिन्हें बाढ़ बचाव दल ने सुरक्षित बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण सितली नाला में जलस्तर बढ़ गया था। बम्हनी स्थित फर्शी उद्योग में काम करने वाले मजदूर संतोष साहू और दुकालु निषाद काम के सिलसिले में बुधवार रात वहीं रुक गए थे। अचानक नाले में पानी बढ़ने से दोनों मजदूर बाढ़ के बीच फंस गए।
मामले की सूचना मिलते ही 15 सदस्यीय बाढ़ बचाव दल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। शाम से फंसे दोनों मजदूरों को दल ने आज सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दोनों मजदूर गरियाबंद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना महासमुंद तहसील क्षेत्र की है। प्रशासन ने बारिश के दौरान लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित