महासमुंद , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचरी में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना में थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पिथौरा एसडीओपी अजीत कुमार ओग्रे से आज प्राप्त ताज़ा जानकारी के अनुसार, थाना पटेवा के अपराध क्रमांक 37/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत फरार आरोपी विजय मारकण्डेय और विनोद मारकण्डेय की गिरफ्तारी के लिए थाना सांकरा प्रभारी निरीक्षक उत्तम तिवारी अपनी टीम के साथ पटेवा पहुंचे थे। इसके बाद विभिन्न थाना एवं पुलिस इकाइयों के बल के साथ संयुक्त टीम बनाकर ग्राम पचरी में दबिश दी गई।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया, लेकिन जब उन्हें वाहन में बैठाने का प्रयास किया गया, तो आरोपियों ने विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने अपने परिजनों और आसपास के लोगों को भी उकसाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडों, लोहे की छड़ और ईंट-पत्थरों के साथ मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित