महासमुंद छत्तीसगढ़ , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने चौथी कक्षा के प्रश्नपत्र में उत्पन्न विवाद के बाद कड़ी कार्रवाई करते हुए महासमुंद के जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे को निलंबित कर दिया है।

यह आदेश अवर सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हाल ही में आयोजित परीक्षा के प्रश्नपत्र में कुत्ते के नाम को लेकर ''शेरु'' अथवा ''राम'' लिखे जाने से विवाद खड़ा हो गया था। मामले ने तूल पकड़ने के बाद विभाग ने इसकी जांच की, जिसमें लापरवाही एवं अनियमितताएं सामने आईं।

जांच रिपोर्ट के आधार पर शासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को निलंबित कर दिया। साथ ही, बी.एल. देवांगन को महासमुंद जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता बनाए रखने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित