महासमुंद , जून 06 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक आरक्षक द्वारा रुपये लेने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संबंधित आरक्षक को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो सांकरा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो में थाना में पदस्थ आरक्षक अरुण प्रताप सिंह एक व्यक्ति से रुपये लेते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार के दावे किए जा रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

मामले को लेकर आरोप लगाया जा रहा है कि चालान की प्रति उपलब्ध कराने के नाम पर रुपये की मांग की गई थी। वहीं वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। प्रथम दृष्टया संबंधित आरक्षक की पहचान होने के बाद उसे सांकरा थाना से हटाकर पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित