महासमुंद , जुलाई 14 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने तीन चर्चित चोरी एवं नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह सहित 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से सोना-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, डीवीआर समेत 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति बरामद की है। मामले में कुछ आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने मंगलवार को यहां पत्रकारों को बताया कि पहला मामला शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 18 मई को हुई चोरी का है। सूने मकान का ताला तोड़कर चोर सोना-चांदी के आभूषण, नकदी, डीवीआर और सीसीटीवी उपकरण ले गए थे। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के डोला क्षेत्र में दबिश देकर अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्य मिथिलेश उर्फ पक्के, रोशन मरावी, पंकज सिंह मरावी और राजा सिंह धुर्वे को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चांदी के आभूषण, पांच मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल, डीवीआर सहित 1.66 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने महासमुंद की दो तथा कोरबा सहित अन्य जिलों में भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। गिरोह के दो सदस्य अब भी फरार हैं।

उन्होंने बताया कि दूसरा मामला तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अघोली में चार माह पूर्व हुई चोरी का है। इस मामले में गांव के ही राहुल उर्फ भंडारा साहू (25) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने परिवार के विवाह समारोह में घर खाली होने का फायदा उठाकर मुख्य गेट का ताला काटा और अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ली थी। जांच के दौरान उसकी जीवनशैली में आए बदलाव के आधार पर पुलिस को संदेह हुआ। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर 7.26 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण, नकदी तथा चोरी में प्रयुक्त ग्राइंडर बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि तीसरा मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रेहटा में 22 जून की रात हुई नकबजनी का है, जिसमें चोर घर का लॉकर तोड़कर लगभग 95 लाख रुपये मूल्य के 30 तोला सोना, तीन किलोग्राम चांदी तथा नकदी चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आनंद पारधी, संजय पारधी, मनु पारधी, रघुनाथ पारधी, हेमलाल पारधी, सुरेंद्र पारधी, धनश्याम कंसले तथा चोरी के आभूषण खरीदने के आरोपी रायपुर निवासी अतुल पाटिल को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से सोना, चांदी के आभूषण, तीन मोटरसाइकिल सहित 11.76 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है।

उन्होंने बताया कि तीनों मामलों के खुलासे में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गिरफ्तार कई आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के विभिन्न थानों में पहले से भी चोरी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित