महासमुंद , सितंबर 24 -- छत्तीसगढ़ में महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड में एक शासकीय प्राथमिक शाला में छत पंखा गिरने से प्रधान पाठक घायल हो गए।
घटना के बाद जर्जर स्कूल भवन में अध्ययनरत बच्चों को पास के आंगनबाड़ी केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया है।
शिक्षा विभाग के जिला अधिकारी ने जर्जर भवन में स्कूल संचालित किए जाने के मामले की जांच कराने की बात कही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम हरनादादर के शंकरपारा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का भवन काफी जर्जर अवस्था में है। तीन कमरों वाले इस स्कूल में कक्षा पहली से पांचवीं तक के कुल 18 बच्चे अध्ययनरत हैं। इसी भवन में नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन किया जा रहा था।
स्कूल में पढ़ाई के दौरान छत पंखा अचानक गिरकर प्रधान पाठक टीकमचंद निषाद के ऊपर आ गिरा। हादसे में उनके सिर और नाक पर चोट आई। घटना के तत्काल बाद घायल प्रधान पाठक को उपचार के लिए बागबाहरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के समय स्कूल में बच्चे भी मौजूद थे, हालांकि कोई विद्यार्थी पंखे की चपेट में नहीं आया। हादसे के बाद स्कूल भवन की स्थिति और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए सभी बच्चों को पास स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में स्थानांतरित कर वहां उनकी पढ़ाई की व्यवस्था की गई है।
घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि भवन के जर्जर होने के बावजूद उसमें कक्षाओं का संचालन क्यों किया जा रहा था और विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर पहले वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित