महासमुंद , अक्टूबर 08 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के ग्राम लाफिन कला में ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और ग्राम निधि के माध्यम से विकास कार्यों को नई दिशा दी है। करीब 1200 की आबादी वाले इस गांव में ग्रामीणों ने सरकारी बजट पर निर्भर रहने के बजाय सामूहिक प्रयास से मंदिर निर्माण, सड़क सुधार और गौठान सहित विभिन्न विकास कार्यों पर करीब 50 लाख रुपये खर्च किए हैं।
ग्रामीणों ने गांव की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए 'अपना काम खुद कर लो' का ध्येय वाक्य अपनाया है। इसी सोच के तहत गांव में कच्ची सड़कों का मुरूमीकरण, कांक्रीट सड़क निर्माण और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार किया गया है। वर्तमान में ग्रामीणों ने करीब 40 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल वाले गौठान के कांक्रीटकरण का कार्य शुरू किया है।
ग्रामीणों के अनुसार, गौठान के करीब 18 हजार वर्गफीट हिस्से में कांक्रीट ढलाई पूरी हो चुकी है, जबकि शेष क्षेत्र में निर्माण कार्य जारी है। इस कार्य के लिए ग्रामीण स्वयं आर्थिक सहयोग कर रहे हैं। उनका कहना है कि शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत होने की प्रतीक्षा में काफी समय लग जाता है। ऐसे में गांव की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए जनसहयोग से कार्य कराने का निर्णय लिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के मौसम में गौठान में कीचड़ भर जाने से मवेशियों को बैठने में परेशानी होती थी। इसके अलावा गोबर भी कीचड़ में मिल जाने से समस्या बढ़ जाती थी। गौठान का कांक्रीटकरण पूरा होने के बाद पशुओं के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। साथ ही इस स्थान का उपयोग गांव के विभिन्न सार्वजनिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए भी किया जा सकेगा।
गांव में धार्मिक और सार्वजनिक सुविधाओं के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ग्रामीणों के सहयोग से तालाब के बीच करीब 25 लाख रुपये की लागत से आकर्षक मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आवागमन की समस्याओं को दूर करने के लिए कच्ची सड़कों का मुरूमीकरण और आवश्यक स्थानों पर कांक्रीट सड़क का निर्माण भी कराया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की समस्याओं का समाधान केवल सरकारी योजनाओं और अनुदान पर निर्भर रहकर नहीं किया जा सकता। सामूहिक जिम्मेदारी और आर्थिक भागीदारी से स्थानीय स्तर पर कई आवश्यक कार्य पूरे किए जा सकते हैं। इसी उद्देश्य से ग्राम निधि और जनसहयोग के माध्यम से विकास गतिविधियों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित