महासमुंद , अगस्त 03 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से आठ बालक फरार हो गए। घटना सोमवार तड़के बरोंड़ा बाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह की बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी बालक रात करीब 2 से 3 बजे के बीच खिड़की की ग्रिल तोड़कर संप्रेक्षण गृह परिसर से बाहर निकल गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि फरार हुए बालकों को पिछले चार से पांच महीनों के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह में रखा गया था। इनमें एक बालक पर दुष्कर्म, दो पर चोरी और अन्य पर एनडीपीएस एक्ट सहित अलग-अलग अपराधों से जुड़े मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

फरार बालकों का संबंध महासमुंद, सरायपाली, धमतरी और ओडिशा के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने परिसर की जांच शुरू कर दी है और फरार बालकों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पहले भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह से बच्चों के फरार होने की घटना सामने आई थी। दोबारा हुई इस घटना से संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित