महासमुंद , मई 05 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के पिथौरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामपाली और जंघोरा में एक आक्रामक आवारा कुत्ते के हमले से ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त हो गया है। कुत्ते ने हमले में अब तक करीब 12 लोगों को काटकर घायल किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुत्ता असामान्य रूप से आक्रामक होकर गांव की गलियों में घूमते हुए राहगीरों और स्थानीय निवासियों पर हमला कर रहा है। घटना के बाद दोनों गांवों में दहशत फैल गई है और लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। अभिभावकों ने एहतियात के तौर पर बच्चों को घर के भीतर ही रहने की सलाह दी है।

सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें एंटी-रेबीज वैक्सीन सहित आवश्यक उपचार दिया गया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आवारा कुत्ते को पकड़कर स्थिति पर नियंत्रण किया जाए, ताकि आगे किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित