महासमुंद , सितंबर 24 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले ने सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिले की 101 स्वास्थ्य संस्थाओं को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत राष्ट्रीय प्रमाणीकरण प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही महासमुंद राज्य का पहला जिला बन गया है, जहां 100 से अधिक स्वास्थ्य संस्थाएं इस राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक से प्रमाणित हुई हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में राष्ट्रीय प्रमाणीकरण प्राप्त करने वाली 101 संस्थाओं में जिला अस्पताल, एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नौ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 90 उप स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। जिले में कुल 208 स्वास्थ्य संस्थाएं हैं, जिनमें से 101 को प्रमाणपत्र मिल चुका है, जबकि 43 अन्य स्वास्थ्य संस्थाएं एनक्यूएएस प्रमाणीकरण की प्रक्रिया में हैं।

एनक्यूएएस कार्यक्रम के तहत सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता का विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया जाता है। इसमें सेवा प्रावधान, मरीजों के अधिकार, क्लिनिकल सेवाएं, संक्रमण नियंत्रण, गुणवत्ता प्रबंधन और उपचार के परिणाम सहित आठ प्रमुख मानक शामिल हैं।

प्रमाणीकरण की प्रक्रिया में स्वास्थ्य संस्थाएं पहले स्व-मूल्यांकन कर निर्धारित मानकों के अनुरूप कमियों को दूर करती हैं। इसके बाद जिला और राज्य स्तर पर मूल्यांकन किया जाता है। निर्धारित मानकों पर 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाली संस्थाओं को राष्ट्रीय मूल्यांकन के लिए भेजा जाता है। राष्ट्रीय स्तर की टीम के मूल्यांकन में मानकों पर खरा उतरने के बाद संस्था को प्रमाणन प्रदान किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित