महासमुंद , मई 09 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एलपीजी गैस कैप्सूल वाहन से करीब 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की 92 टन गैस चोरी मामले में नया सनसनीखेज खुलासा हुआ है।
मामले की जांच कर रही सिंघोडा पुलिस ने जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव, गौरव गैस एजेंसी महासमुंद के संचालक पंकज चंद्राकर तथा रायपुर निवासी गैस चूल्हा विक्रेता मनीष चौधरी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज और कूटरचित अभिलेख तैयार कर 92 टन एलपीजी गैस की अवैध बिक्री की साजिश रची थी। जांच में सामने आया कि अभनपुर स्थित ठाकुर पेट्रोकैमिकल्स से लगभग 80 लाख रुपये में गैस चोरी की डील की गई थी।
बताया गया है कि इस सौदे के एवज में जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव को 50 लाख रुपये नगद, गैस एजेंसी संचालक पंकज चंद्राकर को 20 लाख रुपये तथा मनीष चौधरी को 10 लाख रुपये मिले थे।
पुलिस ने मामले में कुल छह लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
सिंघोडा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित