प्रयागराज , फरवरी 14 -- महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार 15 फरवरी को प्रयागराज की 25 वर्ष पुरानी संस्था श्री शिव पूजा मानस समिति की ओर से भव्य शिव बारात शोभायात्रा निकाली जाएगी। समिति के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 15 और 16 फरवरी को दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

समिति के महामंत्री बृजराज तिवारी अन्नू ने बताया कि संस्था द्वारा प्रत्येक मंगलवार घर-घर निःशुल्क सुंदरकांड का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा हर वर्ष महाशिवरात्रि पर शिव बारात और भजन संध्या आयोजित की जाती है। इस वर्ष रजत जयंती होने के कारण आयोजन को विशेष रूप से भव्य बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि इस बार शिव बारात कटरा परेड मैदान से निकाली जाएगी, जिसमें आकर्षक चौकियां और भव्य झांकियां शामिल होंगी। सजे-धजे रथों पर भगवान शिव के गणों की झलक दिखाई देगी। बैंड-बाजे के साथ यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः कटरा परेड मैदान में संपन्न होगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 16 फरवरी को प्रसिद्ध भजन गायक पंडित सुधीर व्यास द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही नई दिल्ली के मोंटी नटराजन ग्रुप द्वारा भव्य झांकियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

समिति ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। आयोजकों के अनुसार रजत जयंती वर्ष के इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित