यमुनानगर , अक्टूबर 21 -- हरियाणा के यमुनानगर में बुधवार शाम घरेलू गैस पाइपलाइन में भीषण आग लग गई। घटना चिट्टा हनुमान मंदिर रोड स्थित मॉडल कॉलोनी/ महावीर कॉलोनी की है। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई और लोगों से अपने घरों की बिजली बंद करने की अपील की गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शहर के कई इलाकों में घरेलू गैस पाइपलाइन गलियों में नालियों के पास से होकर बिछाई गई है। यह पाइपलाइन जमीन से 5-6 फुट नीचे है, फिर भी आग कैसे लगी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
स्थानीय दुकानदारों ने आरोप लगाया कि पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का काम सही तरीके से नहीं किया गया। दुकानदारों ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि दुकानों का सामान दूर जा गिरा और एक महिला झुलस गई।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि महावीर कॉलोनी में गैस कनेक्शन में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों को बुलाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
भारत पेट्रोलियम के सहायक कार्यकारी अधिकारी एम.जी. कृष्णा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही दोनों तरफ से गैस सप्लाई बंद करा दी गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझा दी गई है। आग के कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित