भिण्ड , अगस्त 30 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सिटी की ओर से लश्कर रोड स्थित दिगंबर जैन महावीर कीर्ति स्तंभ मंदिर में रविवार को भुजरिया मिलन समारोह एवं सामूहिक श्री भक्तामर जी पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न दिगंबर जैन सोशल ग्रुपों के करीब 120 सदस्य परिवार सहित शामिल हुए।

सामूहिक भक्तामर पाठ और आरती के बाद सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को गले लगाकर भुजरिया मिलन की शुभकामनाएं दीं। आयोजन के माध्यम से धर्म और भक्ति के साथ सामाजिक एकता, आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सीनियर सिटीजन मेंन, अजितनाथ और सार्थक ग्रुप के पदाधिकारी, दांपत्य सदस्य तथा सिटी भिण्ड परिवार के सदस्य मौजूद रहे। मंदिर परिसर में सदस्यों ने आत्मीयता के साथ एक-दूसरे से मुलाकात की।

संस्था अध्यक्ष शैलेंद्र पूनम जैन, कोषाध्यक्ष रविंद्र सुधा जैन, शिरोमणि संरक्षक एवं राष्ट्रीय निदेशक मंडल सदस्य अशोक जया जैन तथा राष्ट्रीय निदेशक मंडल सदस्य अतुल ज्योति जैन सहित पदाधिकारियों ने अतिथियों का हाथ जोड़कर स्वागत किया। संस्था सचिव अंशुल आयशा जैन ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के बाद सुमित रिंकी जैन और ऋषभ सोनम जैन की ओर से उपस्थित अतिथियों एवं परिवारजनों को स्वल्पाहार कराया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन जैन परिवारों को जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित