धार , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की बाग थाना पुलिस ने 12 वर्षीय बालिका की हत्या के मामले में फरार चल रहे उसके जीजा को महाराष्ट्र के शाहदा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते कथित रूप से बालिका की हत्या की थी।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई को ग्राम रिसावला से 12 वर्षीय बालिका के लापता होने की सूचना पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान बालिका का शव पाडलिया घाटी के समीप वन विभाग के एक सीमेंटेड कुएं से बरामद हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच में पुलिस ने 24 वर्षीय अनिल दोहदिया निवासी सेवरिया, जोबट को आरोपी के रूप में चिन्हित किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फरवरी 2026 में इंस्टाग्राम के माध्यम से परिचय होने के बाद मृतका की बड़ी बहन से विवाह किया था। हाल में पत्नी के मायके चले जाने और वापस आने से इनकार करने के बाद उत्पन्न पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी ने कथित रूप से बदला लेने की नीयत से बालिका को जंगल में ले जाकर कुएं में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
वारदात के बाद आरोपी गुजरात भाग गया। पुलिस को उसके मोरबी में होने की सूचना मिली, लेकिन वहां पहुंचने से पहले वह महाराष्ट्र की ओर निकल गया। इसके बाद पुलिस ने शाहदा में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित