अंबागढ़-चौकी , सितंबर 01 -- छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाटनखास पुलिस ने महाराष्ट्र से कार के जरिए लाई जा रही मध्यप्रदेश निर्मित अवैध शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 198 बल्क लीटर शराब, कार और मोबाइल सहित करीब 5.33 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार पाटनखास चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुरेंद्र नेताम के नेतृत्व में 31 अगस्त को यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक आरिया कार में बड़ी मात्रा में अवैध शराब महाराष्ट्र की ओर से ग्राम बंजारी लाई जा रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बोरी-बंजारी मार्ग पर महुआ पेड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की की 14 पेटी और बटवाइजर बीयर की छह पेटी बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक कुल 20 पेटियों में 198 बल्क लीटर शराब थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित